The rate of recovery of patients in the country 77.32 percent
देश में बीते एक दिन में कोविड से 73 हजार 640 रोगी स्वस्थ हुए हैं। एक दिन में ठीक होने वालों की यह अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। स्वस्थ होने वालों की संख्या लगभग 32 लाख हो चुकी है। मरीजों के ठीक होने की दर 77 दशमलव तीन-दो प्रतिशत है।
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया है कि कुल संक्रमित लोगों में से वर्तमान मरीजों की संख्या 20 दशमलव नौ-छह प्रतिशत रह गई है। ठीक हुए लोगों की संख्या मरीजों से लगभग तीन दशमलव सात गुना अधिक है। मंत्रालय ने कहा है कि पिछले दो महीनों में स्वस्थ होने वाले कोविड मरीजों की संख्या चार गुना हो गई है।
देश में लगातार चौथे दिन दस लाख से ज्यादा कोविड नमूनों की जांच की गई। लगभग एक हजार छह सौ बावन प्रयोगशालाओं में ग्यारह लाख से ज्यादा नमूनों की जांच की गई। अब तक चार करोड 88 लाख 31 हजार से अधिक नमूनों की जांच की जा चुकी है और इनमें से साढ़े आठ प्रतिशत से भी कम पॉजिटिव पाए गए हैं।
दिल्ली में कोरोना वायरस के तीन हज़ार दो सौ छप्पन नये रोगियों का पता चला है। इसके साथ राष्ट्रीय राजधानी में कुल मामलों की संख्या एक लाख इक्यानबे हज़ार से अधिक हो गई है। राष्ट्रीय राजधानी में मृतकों की संख्या बढकर चार हजार पांच सौ सडसठ हो गई है। वर्तमान में, दिल्ली में सक्रिय कोरोना मामलों की कुल संख्या बीस हज़ार नौ सौ नौ है।
चंडीगढ में शिक्षा विभाग के अधिकारियों सहित दो सौ इकसठ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए । इसके साथ इस केन्द्रशासित प्रदेश में संक्रमित लोगों की संख्या बढकर पांच हज़ार सात सौ तिरसठ हो गई है। संक्रमण के कारण दो और लोगों की मौत होने के साथ अब तक 74 मरीजों की मौत हो चुकी है जबकि एक सौ उनचास रोगियों को ठीक होने के बाद छुट्टी दी गई। अब तक तीन हजार चार सौ उनतालीस लोग स्वस्थ हो चुके हैं जबकि दो हज़ार दो सौ पचास लोगों का इलाज चल रहा है।